कांडा में ठप पड़ा अल्मोड़ा जिला सहकारी बैंक का एटीएम।
- फोटो : अमर उजाला
अल्मोड़ा जिला सहकारी बैंक का कांडा में लगाया गया एटीएम पिछले पौने दो साल से खराब पड़ा हुआ है। बैंक द्वारा कार्ड जारी करने और सुविधा का शुल्क वसूलने के बावजूद क्षेत्र के उपभोक्ताओं को उपभोक्ताओं को एटीएम का लाभ नहीं मिल पा रहा है। त्वरित बैंकिंग सेवा पर निर्भर हजारों शिक्षक, पेंशनर्स, व्यापारी लंबे समय से नकदी निकासी की समस्या से जूझ रहे हैं।
कांडा में अल्मोड़ा जिला सहकारी बैंक की शाखा है। इसमें क्षेत्र की चार हजार से अधिक आबादी के खाते हैं। अकेले साढ़े तीन हजार से अधिक शिक्षक, पेंशनर्स, व्यापारी शामिल हैं। क्षेत्र में पहले से ही बैंक और एटीएम सेवा की किल्लत है। बैंकिंग समस्या को देखते हुए प्रबंधन ने दो साल पहले यहां एटीएम खोला था। लेकिन स्थापना के दो साल के भीतर एटीएम बमुश्किल तीन माह सेवा दे पाया। क्षेत्रवासियों के अनुसार यह एटीएम पिछले पौने दो दो साल से ठप पड़ा हुआ है। लेकिन बैंक सेवा के एवज में एटीएम कार्ड धारकों से बराबर शुल्क वसूल रहा है। एटीएम सेवा न मिलने से इस पर निर्भर हजारों उपभोक्ताओं के बीच नकदी निकासी की समस्या बनी है। उन्हें निकासी के लिए बैंक की लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। पूर्व प्रधान और उपभोक्ता बंशीधर कांडपाल, सुंदर सिंह गढ़िया, वीरेंद्र नगरकोटी, दीप कांडपाल, महेश पंत, दीप चंद्र आदि ने एटीएम जल्दी चालू न होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
कोट
सर्वर की खराबी के चलते एटीएम काम नहीं कर रहा। अल्मोड़ा प्रबंधन केे वस्तुस्थिति से अवगत कराया है। जल्द सुविधा बहाल कर दी जाएगी। -रवींद्र सिंह, शाखा प्रबंधक, कांडा