रानीधारा में आग बुझाती फायर ब्रिगेड।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। नगर के रानीधारा से सटे क्षेत्र में बृहस्पतिवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग लक्ष्मेश्वर बाईपास तिराहे तक जा पहुंची। आवासीय क्षेत्र में आग फैलने से लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय महिलाएं खुद ही आग बुझाने की कोशिश करने लगी। कुछ देर बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने मशक्कतों के बाद आग पर काबू पा लिया।
रानीधारा मार्ग से सटे जंगल में बृहस्पतिवार को सुबह 11 बजे अचानक आग लग गई। आग की लपटों ने विक्राल रूप ले लिया। सूखी घास और कचरे से फैली आग रानीधारा से लक्ष्मेश्वर बाईपास तिराहे तक पहुंचने लगी। जंगल से आवासी क्षेत्र की ओर बढ़ती आग की लपटें देख घरों में कार्य कर रहीं महिलाएं आग बुझाने का प्रयास करने लगीं। रानीधारा निवासी स्मिता जोशी, दीपा जोशी, रुकमणी जोशी और लक्ष्मेश्वर निवासी विद्या जोशी, बुजुर्ग महिला नीलम जोशी ने आग बुझाने की काफी कोशिश की। लोगों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी लेकिन दमकल कर्मियों के पहुंचने तक स्थानीय लोग आग बुझाने का प्रयास करने लगे। एक छोटे और एक बड़े वाहन से पहुंचे दमकल कर्मियों ने काफी देर की कड़ी मेहनत के बाद लगभग दो बजे आग पर काबू पाया।
संकरे मार्गों पर बड़ा वाहन नहीं पहुंच पाने से दिक्कतें
अल्मोड़ा। शहर के कई इलाकों में संकरे मार्ग के कारण फायर ब्रिगेड के बड़े वाहन पहुंचने का स्थान नहीं मिल पाता। आग की घटनाओं के बीच इससे बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। रानीधारा क्षेत्र में भी बड़े वाहन को प्रवेश करने में काफी कठिनाई होती है। घने इलाके में संकरे मार्ग से बृहस्पतिवार को भी बड़ा वाहन प्रवेश नहीं कर पाया, जिससे छोटे वाहन से ही आग बुझाई गई।