अल्मोड़ा। साप्ताहिक अवकाश के बाद खुले अस्पतालों में मरीजों की भीड़ उमड़ी। जिला और बेस अस्पतालों में ओपीडी 1021 रही। पर्चा काउंटर से लेकर दवा वितरण कक्ष तक मरीजों की कतार रही। बुखार, खांसी और पेट दर्द के मरीज अधिक पहुंचे थे।
सोमवार की सुबह अस्पताल खुलने के साथ ही मरीजों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। जिला अस्पताल में 650 और बेस अस्पताल में 371 ओपीडी रही। हवालबाग, ताकुला, धौलादेवी, भैंसियाछाना, लमगड़ा विकासखंडों के विभिन्न गांवों से मरीज उपचार कराने पहुंचे थे। भीड़ के कारण मरीजों को डॉक्टर को दिखाने के लिए अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। डॉक्टर से परामर्श लेने के बाद मरीज दवा वितरण कक्ष पर पहुंचे तो वहां भी उन्हें कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। खून जांच, अल्ट्रासाउंड, एक्सरे आदि काउंटरों में भी मरीजों की भीड़ रही। गर्मी बढ़ने से अस्पतालों में मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। बुखार, पेट दर्द की मरीज अधिक आ रहे हैं।