द्वाराहाट(अल्मोड़ा)। पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने सहित तमाम जन समस्याओं को लेकर ईड़ा के ग्रामीणों का माईथान परिसर में क्रमिक अनशन शुरू हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो महीने से गांव में पानी का घोर संकट बना हुआ है, जबकि बिजली, स्वास्थ्य, सड़क आदि समस्याएं भी मुंह बाएं खड़ी हैं। गुहार लगाने के बावजूद विभाग की नींद नहीं खुल रही है। मौके पर पहुंचे जल संस्थान के अधिकारियों ने 15 दिन में पानी की व्यवस्था बहाल करने का आश्वासन दिया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अडिग रहे।
बता दें कि ईड़ा ग्राम पंचायत द्वाराहाट तहसील की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत है। ग्रामीणों का कहना है कि यहां अगस्त से ही पानी की भारी दिक्कत चल रही है। योजना के पाइप लाइनों का आज तक पुनर्गठन नहीं हुआ है, जिसके कारण गांव तक पानी पहुंचने में परेशानी होती है। ग्रामीणों को दूर दराज के पारंपरिक जल स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता है।
कई बार जल संस्थान के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मौके पर जल संस्थान के एई आरपी डोबाल भी पहुंचे। उन्होंने 15 दिन के भीतर पानी की व्यवस्था दुरुस्त करने का आश्वासन दिया, लेकिन ग्रामीणों का कहना था कि जब तक गांव में पानी नहीं पहुंचता तब तक संघर्ष जारी रहेगा। पहले दिन नंदी देवी, हेमंत सिंह, विपिन चंद्र, भूपाल सिंह बिष्ट आदि क्रमिक अनशन पर बैठे। उनके समर्थन में देवेंद्र सिंह, उमा देवी, मंजू देवी, ज्योति देवी, मदन सिंह, भूपेंद्र सिंह, उमेश सिंह, लाली राम, राजेंद्र सिंह, रमेश चंद्र, धर्मेंद्र सिंह, आशा देवी, कांतुली देवी, देवकी देवी सहित तमाम लोग वहां उपस्थित थे।