बग्वालीपोखर स्थित बासुलीसेरा में सेरे से बिजली की 132 केवी हाइटेंशन लाइन डालने को लेकर विरोध तेज हो गया है। काश्तकारों का कहना है कि पिटकुल और प्रशासन अन्यत्र सर्वे के नाम पर ग्रामीणों को छल रहा है, गुपचुप सेरे से जबरन लाइन डाली जा रही है। इसको लेकर हुई महापंचायत किसानों ने इस मामले को न्यायालय में ले जाने की चेतावनी दी।
उल्लेखनीय है कि बासुलीसेरा में खेतों के ऊपर से हाइटेंशन लाइन डालने का ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में मुख्य सचिव द्वारा अधिकारियों को मामले में हस्तक्षेप कर लाइन डालने के लिए अन्य विकल्प तलाशने के निर्देश दिए जा चुके हैं। लेकिन पिटकुल फिर सेरों के ऊपर से लाइन डालने की जिद पर अड़ा हुआ है।
मामले को लेकर रविवार को हुई महापंचायत पहुंचे पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा कांग्रेस के जनप्रतिनिधि इस संबंध कोई दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। सामाजिक कार्यकर्ता हरिशरण शर्मा, भूपाल भंडारी ने कहा कि जनप्रतिनिधि अब क्षेत्र में वोट मांगने आएंगे तो उन्हें जवाब दिया जाएगा।
कुंदन मेहता ने कहा कि ग्रामीण पास के ही जंगल से लाइन डालने को कह रहे हैं, शासन प्रशासन को इस पर विचार करना चाहिए। प्रधान नवीन कठायत, दीपा देवी, बीडीसी गीता देवी, चंपा देवी आदि ने कहा कि यदि सेरों के ऊपर से लाइन डाली गई तो लोक सभा चुनाव का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा।
इस मौके पर किसानों के मामले को न्यायालय में जाने की भी चेतावनी दी गई। बैठक में संघर्ष समिति के अध्यक्ष इंद्र सिंह बोरा, सचिव गोपाल भंडारी, इंद्र सिंह, बसंती देवी, गीता देवी, आनंदी देवी, भूपाल सिंह बोरा, श्याम सिंह, लाल सिंह आदि मौजूद रहे।