लोगों की समस्याएं सुनते अधिकारी।
- फोटो : amar ujala
जिला विकास प्राधिकरण में नक्शा पास करने सहित अन्य समस्याओं के समाधान और जनता की शिकायतों के निस्तारण के लिए कलक्ट्रेट सभागार में प्राधिकरण दिवस आयोजित किया गया। जिसमें 65 लंबित प्रकरणों पर चर्चा की गई। प्राधिकरण के सचिव और अपर जिलाधिकारी बीएल फिरमाल ने कहा कि जल्दी ही लंबित प्रकरण निस्तारित कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्राधिकरण की वेबसाइट बनाई जा रही है, जिससे लोगों को ऑनलाइन अनुमति लेने की सुविधा मिल सकेगी।
एडीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन विभागों द्वारा अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी नहीं किए गए हैं अथवा किसी कारणवश लंबित हैं, वे तत्काल अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करें। इस अवसर पर लोनिवि, राष्ट्रीय राजमार्ग, राजस्व, भू वैज्ञानिक और प्राधिकरण के अधिकारियों ने लंबित प्रकरणों की जांच की।
एडीएम ने कहा कि प्राधिकरण में आ रही परेशानियों का निराकरण करने के लिए प्राधिकरण दिवस आयोजित किया गया है। अपर जिलाधिकारी के अलावा टाउन प्लानर एमके श्रीवास्तव ने लोगों की शंकाओं और समस्याओं का समाधान किया। इस अवसर पर भू-वैज्ञानिक लेखराज सिंह, तहसीलदार संजय कुमार, एई जेसी पांडे, पालिका के ईओ श्याम सुंदर प्रसाद आदि उपस्थित थे।