रानीखेत (अल्मोड़ा)। नगर व्यापार मंडल ने दीपावली पर्व के मद्देनजर बाहरी व्यापारियों को कोरोना जांच के बाद ही नगर में व्यापार की अनुमति देने की मांग की है। व्यापार मंडल ने यहां संयुक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा है। कहा कि कोरोना का खतरा निरंतर बढ़ते जा रहा है। इसीलिए सतर्कता बरतने की जरूरत है। कहा कि यदि बाहरी व्यापारियों पर प्रतिबंध लगाया जाए तो सुरक्षा की दृष्टि से सही रहेगा।
व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवंत नेगी के नेतृत्व में व्यापार संघ के शिष्टमंडल ने संयुक्त मजिस्ट्रेट अपूर्वा पांडेय से मुलाकात कर दीपावली पर्व की तैयारियों को लेकर चर्चा की। ज्ञापन सौंप कहा कि क्षेत्र में कोरोना संक्रमण निरंतर बढ़ रहा है। ऐसे में बाहरी व्यापारियों को नगर में व्यवसाय पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए या फिर उनकी कोरोना जांच होनी चाहिए।
व्यापार मंडल ने कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए नगर के दुकानदारों से भी दीपावली में बाहरी व्यापारियों को अपनी दुकानों के आगे फड़ लगाने की अनुमति प्रदान नहीं करने की अपील की है। ज्ञापन सौंपने वालों में उपसचिव मनोज पंत, कोषाध्यक्ष दीपक पंत, वरिष्ठ व्यवसायी महेश जोशी, अगस्त लाल साह सहित तमाम लोग शामिल थे।