सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। सोमेश्वर तहसील के एक गांव से तेईस वर्षीय नवविवाहिता को भगाने के धौनीगाड़ निवासी आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर टाना और लद्यूड़ा गांव की महिलाओं और क्षेत्र के सामाजिक संगठनों ने सोमेश्वर में जुलूस निकाला और छह घंटे तक थाने का घेराव किया। बाद में पुलिस उपाधीक्षक आरएस टोलिया द्वारा आरोपी और नवविवाहिता को ताकुला से पकड़ लिए जाने की जानकारी दी गई। डीएसपी द्वारा आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीण माने और देर शाम घरों को लौटे।
सोमेश्वर तहसील के एक गांव निवासी एक नवविवाहिता नौ दिसंबर को बले ग्राम निवासी शिवराज सिंह के साथ फरार हो गई थी। अभी तक पुलिस दोनों का सुराग नहीं लगा पाई है। इससे गुस्साए टाना और लद्यूड़ा गांव से बड़ी संख्या में महिलाएं और सोमेश्वर क्षेत्र के सामाजिक संगठनों के लोग बृहस्पतिवार को दिन में करीब 12:45 बजे सोमेश्वर चौराहे पर पहुंचे। यहां से जुलूस लेकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए थाने पहुंचे। उन्होंने थाने का घेराव किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आरोपी नवविवाहिता के ससुरालियों को जान से मारने और घर जलाने की फोन से धमकी दे रहा है।
पुलिस आरोपी को बचाने का प्रयास कर रही है। इस दौरान उनकी पुलिस से तीखी बहस भी हुई। प्रदर्शनकारी आरोपी और नवविवाहिता को थाने में लाने की मांग पर अड़ गए। ग्रामीणों ने आरोपी शिवराज भंडारी पर आरोप लगाया कि वह पूर्व में भी ऐसी हरकतें कर चुका है।
जिला मुख्यालय से पुलिस उपाधीक्षक आरएस टोलिया और ताकुला से थानाध्यक्ष विजेंद्र सिंह सायं चार बजे थाने पहुंचे। डीएसपी ने बताया कि आरोपी और नवविवाहिता को ताकुला से गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके बाद भी ग्रामीण नहीं माने। सीओ ने जब मोबाइल पर दोनों की फोटो दिखाई इसके बाद प्रदर्शनकारी मान गए। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। सीओ ने कहा कि यदि आरोपी ने भविष्य में डराने धमकाने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ तड़ीपार की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस ने आरोपी को धारा 498 में गिरफ्तार कर लिया है। प्रदर्शन करने वालों में टाना महिला मंगल दल अध्यक्ष कौशल्या देवी, बीडीसी सदस्य हीरा देवी, भगवती, गोपुली, कौशल्या बिष्ट, पार्वती, बौरारो संघर्ष समिति के अध्यक्ष दिनेश जोशी, ज्येष्ठ उप प्रमुख राजेंद्र कैड़ा, पूरन जोशी, सुरेश बोरा, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष दीवान सिंह राणा, व्यापार संघ अध्यक्ष आनंद सिंह बोरा, शिव सिंह बिष्ट, गिरीश कांडपाल, कमला, मोहनी, हेमा बोरा, शिव सिंह, खड़क सिंह आदि शामिल थे।
प्रदर्शनकारियों के सम्मुख थाने में पुलिस उपाधीक्षक आरएस टोलिया ने पहले आरोपी शिवराज भंडारी और नवविवाहिता को गुरुवार को पकड़ लेने की बात कही। लेकिन बाद में उन्होंने कहा कि दोनों को आज ताकुला में पकड़ा गया है। सीओ के विरोधाभासी बयानों से प्रदर्शनकारी भड़क उठे। उन्होंने पुलिस पर गुमराह करने का आरोप लगाया। बाद में जब सीओ ने मोबाइल पर दोनों की फोटो दिखाई। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए।