अल्मोड़ा। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी श्यामसुंदर प्रसाद ने पालिका में फर्जी और अमान्य प्रमाणपत्रों के जरिए नियुक्ति और प्रोन्नति पाने वाले तीन कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने इन तीनों कर्मचारियों से 15 दिन के भीतर सभी शैक्षिक प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने को कहा है। अन्यथा वसूली के साथ ही तीनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका अल्मोड़ा में दो सहायक लिपिक और एक अनुसेवक ने फर्जी और अमान्य प्रमाणपत्रों के जरिए नियुक्ति पाने का मामला प्रकाश में आया है। दिसंबर में शहरी विकास निदेशालय के निदेशक विनोद कुमार सुमन ने इस मामले में अल्मोड़ा नगर पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी को पत्र लिखकर इन कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा था।
उन्होंने फर्जी प्रमाणपत्र के जरिए नियुक्ति और प्रोन्नति पाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर शासन और निदेशालय को अवगत कराने को कहा था। निदेशक के निर्देश के बाद नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने शुक्रवार को दोनों सहायक लिपिकों और अनुसेवक से स्पष्टीकरण मांगा है।