रानीखेत की दुकानों में खाद्य सामग्री देखते अभिहीत अधिकारी। अमर उजाला
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने नगर में दुकानों में छापामार अभियान चलाकर तीन दुकानों से एक्सपायरी खाद्य सामग्री जब्त कर ली, संबंधित दुकानदारों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। इस दौरान पांच दुकानदारों के पास लाइसेंस नहीं पाए गए। नौ दुकानदारों को लाइसेंस अपग्रेड करने के निर्देश दिए गए, एक दुकान से खाद्य तेल का सैंपल और एक मेडिकल स्टोर से इंफैंट फूड का सैंपल भी भरा गया।
विभाग की टीम ने केमू स्टेशन से लेकर रोडवेज तक तकरीबन दो दर्जन दुकानों का निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार ने बताया कि एक दुकान से खाद्य तेल और मेडिकल स्टोर से एक इंफैंट फूड का सैंपल भरा गया। पांच दुकानदारों के पास लाइसेंस नहीं था, उन्हें तत्काल लाइसेंस बनाने के निर्देश दिए गए। नौ दुकानदारों के लाइसेंस अपग्रेड नहीं पाए गए।
फल, सब्जी बेचने वालों के पास से सड़े-गले फल हटाए गए। कुछ रेस्टोरेंट के कीचन गंदगी से पटे पड़े थे, उन्हें सफाई करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अलावा तीन दुकानों से एक्सपायरी खाद सामग्री मिली, जिसे जब्त कर लिया गया। टीम में अभिहीत अधिकारी एएस रावत, नायब तहसीलदार पीएस मेहरा, राजस्व निरीक्षक महेंद्र रावत आदि थे।