अल्मोड़ा। जिले में उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की सुधार परीक्षाएं शुरू हुईं, जिसको लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया। जिले के 11 परीक्षा केंद्रों में हाईस्कूल और इंटर के 208 परीक्षार्थियों ने सुधार परीक्षा दी जबकि आठ परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। प्रश्नपत्र में आसान सवाल आने पर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल गए।
सोमवार को पहले दिन हाईस्कूल में हिंदी विषय की परीक्षा हुई, जिसमें 78 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसके सापेक्ष 74 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी जबकि चार अनुपस्थित रहे। इंटर में हिंदी विषय में 11 पंजीकृत परीक्षार्थियों के सापेक्ष नौ ने परीक्षा दी जबकि दो अनुपस्थित रहे। अंग्रेजी विषय में 121 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 119 ने परीक्षा दी जबकि दो अनुपस्थित रहे। संस्कृत विषय में पंजीकृत सभी छह परीक्षा में शामिल रहे। परीक्षार्थियों ने बताया कि सवाल आसान थे, जिससे राहत मिली है। अब बेहतर परिणाम के लिए अगली परीक्षा की तैयारी में जुटेंगे। वहीं प्रभारी मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना ने सचल दल के साथ जीआईसी दड़मिया परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण रही। संवाद