अल्मोड़ा कलक्ट्रेट में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करते जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया।
- फोटो : amar ujala
जिला प्रशासन ने 23 मई को होने वाली लोकसभा चुनाव की मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कलक्ट्रेट में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि 23 मई को सुबह सात बजे स्ट्रांग रूम खोलने के दौरान प्रत्येक प्रत्याशी के एजेंट की उपस्थिति अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि सुबह आठ बजे पोस्टल बैलेट की मतगणना और उसके बाद 8:30 बजे ईवीएम मशीनों के मतों की गणना शुरू की जाएगी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार 8:30 बजे से ईवीएम मशीनों की मतगणना निरंतर जारी रहेगी चाहे पोस्टल बैलेट की गणना पूर्ण हुई हो अथवा नहीं। उन्होंने कहा कि मतगणना कक्ष के भीतर मोबाइल फोन वर्जित है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीएन मीणा ने कहा कि मतगणना केंद्र के सौ मीटर परिधि को बैरिकेड किया गया है। इस परिधि के भीतर किसी भी वाहन को आने की अनुमति नहीं है। कर्मचारियों, अधिकारियों और निर्वाचन अभिकर्ताओं को पास दिखानेे के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। विजेता प्रत्याशी को जुलूस आदि निकालने की अनुमति लेनी होगी।
वर्तमान में आचार संहिता लागू होने के कारण बिना अनुमति के जुलूस आदि पर प्रतिबंध रहेगा। बैठक में उपजिलानिर्वाचन अधिकारी बीएल फिरमाल, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी शंकर राम, प्रभारी अधिकारी निर्वाचन बैठक बीएस दुग्ताल, प्रभारी अधिकारी पोस्टल बैलेट डा. दीपक मुरारी आदि भी मौजूद थे।