अल्मोड़ा। उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा परिषद रुड़की द्वारा संचालित दो दिवसीय पॉलीटेक्निक संयुक्त प्रवेश परीक्षा शुरू हो गई है। रविवार को इंजीनियरिंग और फार्मेसी ग्रुप की परीक्षा हुई। नगर के परीक्षा केंद्रों में दोनों ग्रुपों के लिए 1984 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 1846 ने परीक्षा दी जबकि 138 अनुपस्थित रहे।
रविवार को सुबह दस से 12 बजे की पाली में इंजीनियरिंग ग्रुप की परीक्षा हुई। इंजीनियरिंग ग्रुप के लिए नगर में राजकीय महिला पॉलीटेक्निक, बीरशिवा, एडम्म, जीआईसी, जीजीआईसी को परीक्षा केंद्र बनाया गया था।
इंजीनियरिंग ग्रुप के लिए कुल 1420 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इसमें से 1315 ने परीक्षा दी जबकि 105 अनुपस्थित रहे। अपरान्ह दो से चार बजे की पाली में फार्मेसी ग्रुप की परीक्षा हुई। इसके लिए राजकीय महिला पॉलीटेक्निक और बीरशिवा को परीक्षा केंद्र बनाया गया था।
फार्मेसी ग्रुप में 564 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। जिसमें से 531 ने परीक्षा दी जबकि 33 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। नोडल अधिकारी और पॉलीटेक्निक के प्रधानाचार्य विजय कुमार गुप्त ने बताया कि परीक्षाशांतिपूर्वक संपन्न हो गई है। अधिकारियों के दल ने परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। दल में श्री गुप्त के अलावा जीसी जोशी, रंजीत सिंह, मोनिका उपाध्याय, किरण तिवारी आदि शामिल थे।