अल्मोड़ा। सर्वदलीय संघर्ष समिति के आह्वान पर विभिन्न संगठनों के लोगों ने जिला विकास प्राधिकरण समाप्त करने की मांग को लेकर गांधी पार्क में मंगलवार को धरना दिया। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारे लगाए और जबरन प्राधिकरण लागू करने का आरोप लगाते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
समिति के संयोजक नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने कहा कि नवंबर 2017 में बिना पर्वतीय क्षेत्र की जनता को विश्वास में लिए सरकार ने तुगलकी फरमान जारी कर जनविरोधी डीडीए लागू कर दिया, जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस के जिला प्रवक्ता राजीव कर्नाटक ने कहा कि प्राधिकरण लागू होने से जनता परेशान है। इस कारण भवन निर्माण में जनता को काफी दिक्कतें हो रही हैं। पूर्व प्रधान हर्ष कनवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की जनता को भी डीडीए लागू होने से दिक्कतें हो रही हैं।
वक्ताओं ने कहा कि प्राधिकरण के शुल्क के नाम पर जनता से भारी भरकम फीस वसूली जा रही है। प्रदेश सरकार, स्थानीय विधायक, सांसद जनहित से जुड़े इस मुद्दे पर मौन साधे हुए हैं।
धरने पर कांग्रेस नगर अध्यक्ष पूरन सिंह रौतेला, कांग्रेस जिला सचिव दीपांशु पांडे, लता तिवारी, शरद साह, दीपा साह, राधा बिष्ट, प्रीति बिष्ट, निर्मल रावत, लीला खोलिया, पीजी गोस्वामी, उपपा के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी, वैभव पांडे, प्रताप सत्याल, राजू गिरि, चंद्रमणि भट्ट, दिनेश जोशी, पूरन सिंह मेहरा, आनंदी वर्मा, एमसी कांडपाल, हर्ष सिंह, चंद्रकांत जोशी आदि बैठे।