अल्मोड़ा। जिला अस्पताल में नेत्र रोग विशेषज्ञ और फिजिशियन की ओपीडी न होने से उपचार को पहुंचे मरीजों को भटकना पड़ा। तेज धूप में मरीजों को उपचार के लिए पांच किमी दूर बेस अस्पताल की दौड़ लगानी पड़ी। इससे जहां बुखार से पीड़ित मरीजों का दम फूला तो वहीं अन्य मरीजों को भी परेशानी झेलनी पड़ी।
जिला अस्पताल में तैनात एकमात्र नेत्र रोग विशेषज्ञ ऑपरेशन कर रहे थे। इस कारण ओपीडी ठप रही। इसके अलावा एकमात्र फिजिशियन के चार धाम ड्यूटी पर जाने से ओपीडी ठप रही। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीष पंत अवकाश पर थे। इस कारण महिला अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. पल्लवी ने मरीज देखे।
जिला अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ न होने से महिला अस्पताल में मरीजों का दबाव रहा। अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अविनाश ऑपरेशन पर थे। इस कारण ओपीडी में एकमात्र डॉक्टर डॉ. पीके मेहता ने मरीज देखे।
अस्पताल में हवालबाग, ताकुला, भैंसियाछाना, लमगड़ा, जागेश्वर, दन्या समेत कई दूरस्थ क्षेत्रों से मरीज पहुंचे थे। नेत्र रोग विशेषज्ञ और फिजिशियन की ओपीडी न होने से मरीजों को दूसरे अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़े। इससे उन्हें दिक्कत हुई। अस्पताल में कुल 350 ओपीडी हुई।
.........
मरीज बोले
फिजिशियन को दिखाने आया था लेकिन ओपीडी बंद होने से अब बेस अस्पताल जाना पड़ रहा है। इससे दिक्कतें हो रही है। वहां भी भीड़ होने पर घर जाने पर दिक्कत होगी।
सुंदर सिंह, लमगड़ा
आंख दिखाने आया हूं लेकिन आज ओपीडी नहीं हो रही है। इस कारण परेशानी हो रही है। अब निजी अस्पताल में उपचार कराना पड़ेगा। इससे आर्थिक बोझ पड़ेगा।
लक्ष्मण भंडारी, लमगड़ा
वर्जन
नेत्र रोग विशेषज्ञ ऑपरेशन कर रहे थे। फिजिशियन चारधाम ड्यूटी पर गए हैं। इस वजह से ओपीडी नहीं हुई। अस्पताल में आने वाले वाले मरीजों किसी तरह की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।
-डॉ. एचसी गड़कोटी, पीएमएस जिला अस्पताल अल्मोड़ा