स्थानीय सेवायोजन कार्यालय में रजिस्ट्रेशन के सत्यापन का कार्य बाहर से कराए जाने के मामला तूल पकड़ गया है। अमर उजाला में विस्तृत खबर प्रकाशित होने के बाद क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ने स्थानीय कार्यालय के प्रभारी अधिकारी का जवाब तलब कर दिया है। कहा कि जनहित के कार्य कैसे प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने अन्य कर्मचारियों को भी तालमेल से कार्य करने की नसीहत दी है।
पिछले दो माह से सेवा योजन कार्यालय में इंटरनेट का बिल जमा नहीं होने से संयोजन कट चुका था, स्थानीय कार्यालय में रजिस्ट्रेशन को आ रहे युवकों को बाहर निजी दुकान में ले जाकर रजिस्ट्रेशन के सत्यापन का कार्य कराया जा था। इसके लिए युवाओं से अतिरिक्त शुल्क वसूलने के आरोप भी थे। इधर अमर उजाला में खबर छपने के बाद क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी एलएस बिष्ट ने स्थानीय कार्यालय के प्रभारी अधिकारी का जवाब तलब कर दिया है।
उन्होंने उनसे पूछा है कि वह किस नीयत से बाहर से सत्यापन का कार्य करा रहे हैं। बिष्ट ने बताया कि दो माह पूर्व बीएसएनएल कनेक्शन का बिल यहां कार्यालय में रिसीव हो चुका है, लेकिन लापरवाही के कारण उसे जमा नहीं किया गया है। कार्यालय के कार्य बाहर की दुकानों से कतई नहीं कराए जा सकते। कहा कि स्पष्टीकरण के बाद प्रभारी अधिकारी प्रधान सहायक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।