अल्मोड़ा। दुग्ध संघ के प्रधान प्रबंधक पुष्कर सिंह नगरकोटी के स्थानांतरण से कर्मचारियों में नाराजगी है। उन्होंने 17 जून से चरणबद्ध आंदोलन करने का ऐलान किया है। कर्मचारियों ने इस संबंध में यूसीडीएफ के प्रबंधक निदेशक को ज्ञापन भेजा।
कर्मचारियों ने कहा कि प्रधान प्रबंधक पुष्कर सिंह नगरकोटी का अचानक नौ माह में ही स्थानांतरण कर दिया गया है। संस्था से दो साल में चार प्रधान प्रबंधकों का स्थानांतरण कर दिया गया है। इससे संस्था अस्थिर हो गई है। इसका असर सीधे दुग्ध संघ में कार्यरत कर्मचारियों के वेतन पर पड़ रहा है। कर्मचारियों को सातवां वेतनमान का लाभ और छठे वेतनमान में भी 2019 से बढ़े हुए महंगाई भत्तों से दुग्ध संघ अल्मोड़ा घाटे में होने का हवाला देकर वंचित रखा गया है।
वर्तमान प्रबंधक के आने से पूर्व कर्मियों को तीन माह का वेतन और दुग्ध समितियों को डेढ़ माह का भुगतान नहीं हुआ था। प्रबंधक के आने के बाद भुगतान हो गया है। उन्होंने प्रधान प्रबंधक का स्थानांतरण आदेश निरस्त करने या फिर कर्मचारियों को शासन से जारी महंगाई भत्ता का भुगतान तत्काल प्रभाव से लागू करने की मांग की। उन्होंने 17 जून को सुबह 11 बजे से एक घंटा और 18 जून को सुबह 11 बजे से दो घंटे का कार्य बहिष्कार करने का ऐलान किया। कहा कि इसके बाद 19 जून को सभी कर्मचारी सामूहिक इस्तीफा देंगे। ज्ञापन देने वालों में पुष्पा वर्मा, कमल कुमार, हेमा आर्या आदि शामिल रहे।