अल्मोड़ा। जनपद कोविड प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने वर्चुअल माध्यम से जनपद में कोविड संक्रमण की रोकथाम और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने आशंका जताई कि कोरोना की तीसरी लहर बच्चों को ज्यादा प्रभावित कर सकती है। इस बात को ध्यान में रखते हुए हमें बच्चों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए सभी उपाय और तैयारियां समय से पूरी कर लेनी चाहिए।
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि बच्चों में कोरोना के लक्षणों की समुचित जानकारी के लिए इसका व्यापक प्रचार करने और बच्चों में कोरोना से संबंधित जानकारी आदि के लिए अलग से हेल्पलाइन नंबर जारी करने के निर्देश दिए। लोगों को इसके लिए भी प्रेरित करें कि बच्चोें में थोडे़ से भी कोरोना के लक्षण दिखने पर तत्काल चिकित्सक की सलाह लेते हुए उनका टेस्ट कराया जाए। इसके अलावा बाल रोग विशेषज्ञों से माता-पिता को वर्चुअल सलाह की व्यवस्था की करने के लिए भी कहा। प्रभारी मंत्री ने कहा कि बच्चों को उनके माता-पिता से अलग नहीं किया जा सकता इसके लिए भी कोविड वार्ड में उनके रहने आदि की व्यवस्था दुरुस्त की जाए।
बैठक में डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि जनपद में इन विषयों पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। बताया कि डेडिकेटिड कोविड चिकित्सालय मेडिकल कालेज में बच्चों के लिए 30 बेड का जनरल वार्ड बनाया जाएगा इसके अलावा 12 बेड का पीआईसीयू और 10 बेड का एनआईसीयू बनाया जाएगा। इसका प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। डीएम ने बताया कि मेडिकल काउसिंलिग के लिए चिकित्सकों का चयन किया गया है। बैठक में प्राचार्य मेडिकल कालेज आरजी नौटियाल ने पीडियाट्रिक्स जनरल वार्ड के कार्य, पीआईसीयू, एनआईसीयू में उपकरण, मानव संसाधन आदि की मांग की। मंत्री रेखा आर्या ने शासन स्तर से धनराशि अवमुक्त कराने का आश्वासन दिया। बैठक में जनपद के बाल रोग चिकित्सक डॉ. नलिन पांडे, डॉ. सुरेश पांडे, डॉ. एएस गुसांई ने भी सुझाव रखे। वहां भाजपा जिलाध्यक्ष रवि रौतला, सीडीओ नवनीत पांडे, मुख्य नोडल अधिकारी कोविड डॉ. अजय आर्या, सीएमओ डॉ. सविता हयांकी, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रीति पंत, डॉ. मनीष पंत, भाजपा जिला महामंत्री महेश नयाल, ममता भट्ट आदि थे।
विधायक भौर्याल ने गांवों में कोरोना रोकथाम की समीक्षा की
बागेश्वर। विधायक बलवंत सिंह भौर्याल ने न्याय पंचायत माजखेत के विभिन्न ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर कोरोना रोकथाम के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा। उन्होंने ग्रामीण स्तर में कोरोना रोकथाम के लिए गठित बीआरटी टीम और ग्राम निगरानी समिति से संक्रमण के बारे में जानकारी प्राप्त की।
विधायक भौर्याल ने कहा सरकार कोरोना रोकथाम के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। वैक्सीनेशन का कार्य तेजी से हो रहा है। होम आइसोलेशन में रखे लोगों की देखभाल की जा रही है। उन्होंने ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को कोरोना संक्रमण से बचाव और सुरक्षा के लिए प्राप्त धनराशि का उपयोग करने को कहा है। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख गोविंद सिंह दानू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राम सिंह कोरंगा, बीआरटी नोडल अधिकारी कुंदन लाल, कपकोट चिकित्सा प्रभारी डॉ. बृजेश रावत, सहायक नोडल अधिकारी स्वरूप सिंह, वीपीडीओ हरीश धर्मसत्तू आदि मौजूद थे।