रामनगर-मरचूला हाईवे पर वाहन पर हमला करता हुआ हाथी। जागरूक पाठक
मौलेखाल (अल्मोड़ा )। रामनगर-मरचूला राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-309 पर चिमटाखाल के पास बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे हाथी ने एक कार को पटककर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथी के अचानक सामने आने पर कार चालक ने खिड़की से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई। बाद में मौके पर पहुंचे वन कर्मियों ने चार राउंड हवाई फायर किए जिसके बाद हाथी जंगल की ओर चला गया। करीब एक घंटे तक हाथी के सड़क पर मौजूद रहने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और राहगीरों में दहशत बनी रही।
जानकारी के अनुसार हरीश बोरा अपन कार संख्या यूए04बी8022 से रामनगर से घर का सामान लेकर मरचूला की ओर आ रहे थे। चिमटाखाल पार करने के बाद एक मोड़ पर अचानक उनकी कार के सामने हाथी आ गया। हाथी ने पलटकर कार की ओर सूंड बढ़ाते हुए हरीश पर हमला करने का प्रयास किया। खतरा भांपते हुए हरीश दूसरी ओर की खिड़की से कूदकर बाहर निकल गए और करीब 50 मीटर दूर जाकर खड़े हो गए।
अंधेरा होने के कारण हरीश अपनी कार को पीछे भी नहीं कर सके थे। हाथी ने कार में रखा आटा, दाल, दही समेत अन्य खाद्य सामग्री खाने के बाद वाहन को पटक-पटककर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। हरीश कुछ दूरी पर खड़े होकर यह पूरा घटनाक्रम असहाय होकर देखते रहे। उनका मोबाइल भी कार में ही छूट गया था, जिससे वह तत्काल किसी को घटना की सूचना नहीं दे सके। कुछ देर बाद हाईवे पर दोनों ओर से वाहन पहुंचने लगे और हाथी के कारण जाम की स्थिति बन गई। इसी दौरान एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल से मरचूला पुलिस चेकपोस्ट पर तैनात नरेंद्र सिंह और वीरेंद्र कुमार को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल चिमटाखाल स्थित कालागढ़ टाइगर रिजर्व की चौकी को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की मंदाल रेंज की टीम मौके पर पहुंची। प्रमोद सती, वन आरक्षी गोधन सिंह, वन आरक्षी जयदीप भदूला और दीपक कपिल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। वन कर्मियों ने चार राउंड हवाई फायर किए, जिसके बाद हाथी जंगल की ओर चला गया। हाथी के जंगल की ओर जाने के बाद करीब एक घंटे से जाम में फंसे वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी। इस दौरान राहगीरों और वाहन चालकों में काफी दहशत बनी रही। बाद में हरीश बोरा अपनी क्षतिग्रस्त कार को लेकर मरचूला पहुंचे और राहत की सांस ली। घटना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है। विभाग ने रात के समय हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही वन्यजीव दिखाई देने पर वाहन रोककर उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखने और तत्काल वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी गई है।