दरसानी पोलिंग बूथ पर मतदान के प्रति महिलाओं में उत्साह
- फोटो : GARUD
गरुड़(बागेश्वर)। आखिरकार लोकतंत्र की जीत हुई। बुनियादी सुविधाओं के अभाव में दर्शानी के ग्रामीणों ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी थी। लेकिन, शुक्रवार को जब मतदान शुरू हुआ तो लोगों में गजब का उत्साह देखा गया। बूथ पर 60 फीसदी से अधिक मतदान हुआ।
कुछ दिन पूर्व दर्शानी, भेंटा और खडेरिया गांव के कुछ ग्रामीणों ने गांव में प्रस्तावित कूड़ा घर को कहीं और ले जाने और गांव के कुछ लोगों पर दर्ज फर्जी मुकदमे वापस लेने की मांग की थी। मांग पूरी नहीं होने पर उन्होंने पंचायत चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी थी। लेकिन, शुक्रवार को जब मतदान शुरू हुआ तो ग्रामीणों में बहुत उत्साह देखा गया। पोलिंग बूथ में दर्ज 700 मतदाताओं में से 425 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पोलिंग बूथ के मतदाता और भकूनखोला जिला पंचायत निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी जनार्जन लोहुमी, सांसद प्रतिनिधि घनश्याम जोशी ने बताया कि खडेरिया, भेंटा, दर्शानी के ग्रामीणों में मतदान के प्रति उत्साह देखा गया।