राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 10 अक्तूबर को प्रस्तावित छात्र संघ चुनाव के लिए विभिन्न पदों के उम्मीदवारों ने नामांकन कराया। सुबह उम्मीदवार अपने-अपने समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन करते हुए नामांकन कराने पहुंचे। सचिव पद को छोड़कर अध्यक्ष सहित अधिकांश पदों पर एक-एक नामांकन होने के कारण इन उम्मीदवारों का निर्विरोध चुने जाने का रास्ता तय हो गया है।
यहां छात्र संघ अध्यक्ष पद पर ललित चंद्र, छात्रा उपाध्यक्ष पद पर ममता, संयुक्त सचिव पद पर पंकज सिंह, कोषाध्यक्ष पद पर कुंवर सिंह बिष्ट ने नामांकन कराया। चारों पदों पर केवल एक एक नामांकन होने के कारण इनका निर्विरोध निर्वाचन होना तय है, जबकि सचिव पद पर कुंदन अधिकारी और सुनील जोशी के बीच सीधी टक्कर होगी। अब 10 अक्तूबर को विद्यालय के 708 मतदाता सचिव पद के लिए दोनों के भविष्य की राह तय करेंगे। चुनाव प्रभारी डा. भरत जी उपाध्याय ने बताया कि दो बूथ बनाए गए हैं। परिचय पत्र के आधार पर मतदान प्रक्रिया शुरू होगी। सभी के नामांकन सही पाए गए है। इस अवसर पर प्राचार्य डा. एके श्रीवास्तव सहित तमाम प्राध्यापक, कर्मचारी और छात्र छात्राएं मौजूद थे। छात्र उपाध्यक्ष सहित चारों संकाय पदों पर किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन नहीं कराया है।