द्वाराहाट(अल्मोड़ा)। पूजाखेत निवासी बुजुर्ग दंपती ने परिवार के ही चार सदस्यों पर मारपीट और जान से मारने की कोशिश का केस दर्ज कराया है। जोधा सिंह का कहना है कि उनके बच्चे घर पर नहीं हैं और वह अपनी बुजुर्ग पत्नी के साथ अकेले रहते हैं। 13 जनवरी को एक स्कूल संचालन ने खेतों में ताड़बाड़ लगाई, इससे उनके खेतों का रास्ता बंद हो गया। विरोध करने पर आरोपी चंदन सिंह और बचे सिंह ने उन्हें लाठी-डंडों से पीट दिया। महिला आरोपी ज्योति बिष्ट ने घर में घुसकर उनकी पत्नी का गला दबाया और उस पर हथौड़े से हमला किया। वहीं चौथे आरोपी राजेंद्र ने उन्हें कमरे में बंद कर जान से मारने की कोशिश की। किसी तरह उन्होंने अपनी जान बचाई। मामला थाने पहुंचा तो आरोपियों ने माफीनामा लिखा। फिर से उन्हें आरोपियों की तरफ से लगातार धमकी दी जा रही है। पीड़ित के सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत करने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक धाराओं में केस दर्ज किया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।