अल्मोड़ा। जिले में शनिवार को ईद-उल-फितर का पर्व पूरे उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। कैंट स्थित ईदगाह के अलावा जिले की अन्य मस्जिदों में भी मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा की। नमाज के दौरान देश की तरक्की, अमन-चैन और भाईचारे के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। कैंट स्थित ईदगाह में काफी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग पहुंचे। शहर इमाम कारी बहादुर शाह ने वहां नमाज अदा कराई। जामा मस्जिद में मौज्जम हारून खान ने नमाज पढ़ाई। जनप्रतिनिधियों ने भी कैंट स्थित ईदगाह जाकर मुस्लिम समुदाय के लोगों को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इसके अतिरिक्त, नियाजगंज, सिटोली और करबला स्थित मस्जिदों में भी मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा की। यहां रजाअली अंसारी, जब्बार खान, हाजी नूर अकरम खान, जिया खान, तस्लीम खान, अमीर खान, रहबर अंसारी, जाहिद अंसारी आदि मौजूद थे।