अल्मोड़ा। जीआईसी नाई में ढाई साल से प्रधानाचार्य का पद रिक्त है। नियमित शिक्षकों के सात पदों पर भी तैनाती नहीं हो सकी है। इस कारण विद्यालय में पठन-पाठन पर असर पड़ रहा है।
नाई स्थित इंटर कॉलेज में आसपास के क्षेत्रों से विद्यार्थी पढ़ने पहुंचते हैं लेकिन शिक्षकों की कमी के कारण उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है। विद्यालय में ढाई साल से प्रधानाचार्य के रिक्त पद पर तैनाती नहीं हुई है। इस कारण विद्यालय के ही एक शिक्षक को प्रधानाचार्य का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। प्रधानाचार्य के पास कार्यालयी काम भी रहता है इससे पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। प्रवक्ताओं के नौ पद स्वीकृत है। भौतिक विज्ञान और अंग्रेजी विषयों में न तो नियमित शिक्षक हैं और न ही अतिथि शिक्षक। इन विषयों की पढ़ाई करने में विद्यार्थियों को दिक्कत हो रही है। राजनीति विज्ञान, भूगोल, रसायन विज्ञान में अतिथि शिक्षकों से काम चल रहा है। एलटी संवर्ग में शिक्षकों के सात पद स्वीकृत है। गणित विषय और सामाजिक विषय में नियमित शिक्षक नहीं है। गणित में अतिथि शिक्षक तो सामाजिक विषय में शिक्षक स्वयं सेवक से काम चल रहा है।
शिक्षकों के रिक्त पदों की सूचना निदेशालय को भेजी गई है। व्यवस्था बनाने के लिए अतिथि शिक्षक और शिक्षक स्वयं सेवक तैनात किए गए हैं।
अत्रेश सयाना, प्रभारी सीईओ, अल्मोड़ा।