अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में आंतरिक परीक्षा में शामिल नहीं हो सके छात्र- छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। उन्हें इसके लिए 500 रुपये विलंब शुल्क चुकाना होगा।
कई छात्र- छात्राएं निजी कारणों से आंतरिक परीक्षा में शामिल नहीं हो सके तो कई समय पर अपना असाइनमेंट जमा नहीं कर पाए। ऐसे में 100 से अधिक छात्र-छात्राओं की अंकतालिकाओं में आंतरिक परीक्षा और असाइनमेंट में शून्य अंक दर्ज हुए थे।
अब विवि प्रबंधन ने छात्र- छात्राओं की समस्याओं का समाधान करते हुए उन्हें एक और आखिरी मौका दिया है। समय पर असाइनमेंट जमा नहीं कर पाए विद्यार्थी भी अपना असाइनमेंट जमा कर सकेंगे।
बिना विलंब शुल्क के विवि प्रबंधन किसी भी विद्यार्थी के अंक स्वीकार नहीं करेगा। परिसर और महाविद्यालयों को निर्देश दिए गए है कि शुल्क जमा होने के बाद ही विद्यार्थियों का असाइनमेंट जमा होगा और उन्हें परीक्षा देने का अवसर मिलेगा।