द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। पुरानी पेंशन योजना बहाली की मांग के लिए राष्ट्रीय आंदोलन पुरानी पेंशन बहाली संगठन के पदाधिकारियों ने मंगलवार को शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अक्तूबर 2005 के बाद नियुक्त शिक्षक एवं कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) के दायरे में शामिल करने की मांग उठाई गई।
संगठन की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) में कर्मचारियों के भविष्य को लेकर असुरक्षा की भावना बनी हुई है जबकि पुरानी पेंशन योजना कर्मचारियों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है। संगठन ने कर्मचारियों को उनकी बुढ़ापे की लाठी लौटाने की मांग की। संगठन पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों के प्रति संवेदनशील है और भविष्य में इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाएगी। वहां एनएमओपीएस के ब्लॉक अध्यक्ष मोहन जोशी, जिला आईटी सेल प्रभारी दीपक पांडेय, मंडल संगठन मंत्री गिरीश मठपाल, पारस कांडपाल आदि मौजूद रहे। संवाद