दन्या (अल्मोड़ा)। अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ हाईवे पर शुक्रवार रात हुए एक सड़क हादसे में गुरड़ाबांज निवासी कैलाश सिंह पुत्र गोपाल सिंह की मौत हो गई। एक इको वैन ने सड़क किनारे पड़े युवक को कुचल दिया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात गुरड़ाबांज के पास कैलाश सिंह सड़क किनारे पड़े थे। अल्मोड़ा से दन्या की ओर आ रही एक इको वैन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद वाहन चालक ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलादेवी पहुंचाया। वहां चिकित्साधिकारी सीएस बोरा ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्राम प्रधान बिशन सिंह ने बताया कि कैलाश सिंह नशे का आदी था। दन्या थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।