चौखुटिया (अल्मोड़ा)। नगर के क्रांतिवीर चौराहे के पास आयोजित महिला रामलीला में रामभक्ति का माहौल है। पहली बार हो रही महिला रामलीला में महिला कलाकारों के अभिनय को देखने के लिए दूर-दराज के गांवों से भी बड़ी संख्या में दर्शक पहुंच रहे हैं।
विज्ञापन
रामलीला के तीसरे दिन धनुष यज्ञ और लक्ष्मण-परशुराम संवाद का मंचन हुआ। लक्ष्मण-परशुराम संवाद के दौरान कलाकारों की दमदार संवाद अदायगी ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया। प्रस्तुति के दौरान पूरा पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। इससे पूर्व रामलीला का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रतिष्ठित व्यवसायी मदन सिंह बोरा, पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी, शैलेश मटियानी पुरस्कार से सम्मानित पूर्व शिक्षक कुबेर सिंह कड़ाकोटी और गेवाड़ विकास समिति के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी ने फीता काटकर किया।