अल्मोड़ा। कोरोना काल में ऑनलाइन ओपीडी से जिले के लोगों को काफी राहत मिल रही है। ई-संजीवनी ओपीडी योजना से जिलेभर के मरीजों को उपचार कराने में लाभ मिल रहा है। महानगरों में बड़े अस्पतालों के विशेषज्ञ डॉक्टर ई-संजीवनी ओपीडी में मरीजों का उपचार कर रहे हैं।
पहाड़ों में स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में गंभीर रोगियों को अक्सर उपचार के लिए महानगरों के चक्कर काटने पड़ते हैं। यहां कई रोगों से संबंधित विशेषज्ञ न होने से मरीजों को दिक्कत होती है। इसके साथ ही पिछले छह माह से लॉकडाउन और कोरोना काल के चलते भी रोगी उपचार के लिए बाहर नहीं जा पा रहे हैं। इसके चलते स्वास्थ्य मंत्रालय भारत सरकार की ओर से ई-संजीवनी ओपीडी योजना बनाई गई है। कोरोना संकटकाल में योजना बहुत कारगर साबित हो रही है। योजना के तहत कोई भी मरीज ऑनलाइन स्वास्थ्य परीक्षण करवा सकता है। इसमें देहरादून जैसे महानगरों से डॉक्टर ऑनलाइन स्वास्थ्य परीक्षण कर रहे हैं। इसके तहत जिलेभर के कई मरीज ऑनलाइन ओपीडी का लाभ ले रहे हैं। सीएमओ डॉ. सविता ह्यांकी ने बताया कि योजना में प्रतिदिन जिले से औसतन 40 से 50 ऑनलाइन ओपीडी हो रही है।
अवकाश का दिन छोड़ सभी दिन होती है ओपीडी
अल्मोड़ा। ई-संजीवनी ओपीडी को आम रोगियों के लिए सरल बनाया गया है। कोई भी व्यक्ति इसकी साइट पर जाकर पंजीकरण करवा सकता है। पंजीकरण करवा पूरी तरह इंट्री करने के बाद टोकन नंबर मिलता है। इसके बाद टोकन नंबर के आधार पर नंबर आने पर वीडियो कॉल से ऑनलाइन ओपीडी संचालित होती है। सीएमओ डॉ. सविता ह्यांकी ने बताया कि सुबह नौ से शाम छह बजे तक ऑनलाइन ओपीडी चलती है। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर नगरीय क्षेत्र में भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसमें अवकाश के दिन छोड़ कर सप्ताह में सभी दिन ओपीडी होती है।