रानीखेत (अल्मोड़ा)। रानीखेत की ब्रिटिशकालीन छावनी अब शीघ्र ही ई-छावनी से जुड़ जाएगी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस ई छावनी परियोजना का शीघ्र उद्घाटन करेंगे। नागरिक को सुलभ सुविधा मुहैया कराने के उद्देश्य से इस परियोजना को लागू किया जा रहा है।
कैंट बोर्ड के मुख्य अधिशासी अधिकारी अभिषेक आजाद ने बताया कि ई छावनी पोर्टल के माध्यम से छावनी परिषद से संबंधित शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं। व्यवसाय के लिए आवेदन पत्र प्राप्त करने, ऑनलाइन भुगतान, लीज नवीनीकरण और विस्तारीकरण के लिए ऑनलाइन आवेदन और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त किए जा सकते हैं। 60 से अधिक अनौपचारिक सेवाओं और चालानों का भी ऑनलाइन भुगतान किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि डिजीटल इंडिया कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से इस परियोजना को लागू किया जा रहा है। इसके लिए छावनी कार्यालय में हेल्पडेस्क नंबर 05966-22028 स्थापित किया गया है। जिसमें कार्यदिवस पर सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक संपर्क किया जा सकता है।