अल्मोड़ा। उत्तराखंड संस्कृत संस्थान की ओर से एडम्स गर्ल्स इंटर कॉलेज में आयोजित दो दिनी जिला स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता का समापन हो गया है। समूह गान प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में पीएम श्री अटल उत्कृष्ट जीआईसी द्वाराहाट और वरिष्ठ वर्ग में आर्य इंटर कॉलेज देघाट सल्ट प्रथम रहा।
समूह नृत्य प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में पीएम श्री अटल उत्कृष्ट जीआईसी बाड़ेछीना और वरिष्ठ वर्ग में राजा आनंद सिंह जीजीआईसी अल्मोड़ा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वरिष्ठ वर्ग की आशुभाषण प्रतियोगिता में रितिक शर्मा, श्लोकोच्चारण प्रतियोगिता में भूपेश चंद्र पांडे प्रथम रहे। नाटक प्रतियोगिता में संस्कार भारती सउमावि झीपा प्रथम रहा। छात्र-छात्राओं ने शारदा स्तुति समेत शानदार कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता की जिला संयोजक डॉ. दीपा गुप्ता ने बताया कि वरिष्ठ-वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी 23 और 24 अक्तूबर को आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
मुख्य अतिथि विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि संस्कृत प्रतियोगिताएं देवभाषा संस्कृत के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विशिष्ट अतिथि मां अंबे इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष संदीप ठाकुर, ज्योत्सना लाल रहे। अध्यक्षता सोबन सिंह जीना परिसर की पूर्व प्राध्यापिका डाॅ. गीता खोलिया और संचालन डॉ. गोविंद सिंह रावत ने किया। वहां डाॅ. धाराबल्लभ पांडेय, जिला सह संयोजक डॉ. ललित मोहन तिवारी, कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष पूरन सिंह रौतेला, तारा चंद्र साह, गोविंद मेहरा, रागिनी मैसी, नितिन कुमार, दीप चंद पांडेय आदि मौजूद रहे।