विधानसभा चुनाव के दौरान विदेशी मदिरा और बीयर की खपत भी बढ़ गई है। गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष फरवरी के दस दिनों में जिले में विदेशी शराब की 1988 लीटर और बीयर की 2296 लीटर अधिक बिक्री हुई है, जबकि इस अवधि में देसी शराब की खपत में पिछले साल की तुलना में कमी आई है।
आबकारी विभाग के अधीन जिले में विदेशी शराब की 18, देसी शराब की 25 दुकानें और 12 बार हैं। चुनाव के दौरान मदिरा की खपत बढ़ जाती है। जिले में अल्मोड़ा, रानीखेत, जागेश्वर, सोमेश्वर, सल्ट और द्वाराहाट विधानसभा सीटें हैं। प्रत्याशियों के समर्थक दिन भर प्रचार कार्य में जुटे रहते हैं। शाम को समर्थकों की दावतों का दौर भी चलता है। इस अवधि में शराब की बिक्री भी बढ़ गई है।
2016 के फरवरी के पहले दस दिनों में अंग्रेजी शराब की 60520 लीटर बिक्री हुई थी। वहीं विधानसभा चुनाव के दौरान इस वर्ष फरवरी के पहले दस दिनों में 62508 लीटर विदेशी शराब बिकी है। जो कि पिछले साल से 1988 लीटर विदेशी शराब अधिक है। वहीं पिछले साल फरवरी माह के दस दिनों में 11638 लीटर बीयर की खपत हुई थी। इस अवधि में इस साल यह आंकड़ा 13934 लीटर पहुंच गया है। जो कि पिछले साल की तुलना में 2296 लीटर अधिक है।
हालांकि देशी मदिरा की बिक्री में कमी आई है। पिछले साल इसी अवधि में देशी मदिरा की 50062 लीटर की बिक्री हुई है। जिसमें इस वर्ष गिरावट आई है। फरवरी माह के दस दिनों में मात्र 39828 लीटर ही देशी शराब की बिक्री हुई है।