चौखुटिया (अल्मोड़ा)। मासी क्षेत्र में चौखुटिया-भिकियासैंण मोटर मार्ग पर भूमिया मंदिर के पास सोमवार को एक ट्रक निर्माणाधीन कलवर्ट में फंस गया। इसके कारण सड़क पर दोनों ओर लंबी कतारें लग गईं। ऐसे में वाहनों में सवार यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
चौखुटिया-भिकियासैंण मोटर मार्ग पर इन दिनों निर्माण कार्य चल रहा है। सोमवार को भूमिया मंदिर के पास ट्रक का एक पहिया निर्माणाधीन कलवर्ट में धंस गया। इसके बाद दिल्ली आवाजाही करने वाले छोटे-बड़े वाहन फंस गए। देखते-देखते लंबा जाम लग गया। सूचना पर पुलिस और संबंधित विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। जेसीबी की मदद से ट्रक निकालने के प्रयास किए गए। लगभग तीन घंटे बाद यातायात सामान्य हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य करने वाली संस्था ने सुरक्षा इंतजाम पर्याप्त नहीं किए हैं। उन्होंने प्रशासन से निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। संवाद