पिछले कई दिनों से बारिश नहीं होने के कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है। तापमान बढ़ने के के कारण जहां नदियों का जल स्तर घट रहा है, वहीं शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पानी का भी संकट पैदा होने लगा है। अल्मोड़ा और आसपास के लोगों को पानी पिलाने वाली जीवनदायिनी कोसी नदी का भी जल स्तर भी कम होने लगा है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जैसे-जैसे गर्मी बढ़ते जाएगी जल स्तर में और कमी आते जाएगी।
पिछले काफी समय से बारिश नहीं होने से तापमान बढ़ने लगा है। इन दिनों अल्मोड़ा का तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। तापमान बढ़ने के कारण अल्मोड़ा कोसी नदी का जल स्तर भी घटने लगा है। जिससे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पानी का संकट पैदा होने लगा है। सोमेश्वर में घुड़दौड़, भानाराठ, बमनफलिया, अर्जुन राठ, मल्ला खोली, रितुराठ, भंडारी गांव के अलावा सल्ट क्षेत्र के जालीखान, मौलेखाल, शशीखाल, देवायल आदि क्षेत्रों में कई दिनों से पानी की भारी किल्लत है।
इसके अलावा नगर के आसपास के इलाकों ढूंगाधारा, दुगालखोला आदि क्षेत्रों में भी पानी एक-दो दिन छोड़कर आ रहा है। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता नंद किशोर ने बताया कि गर्मी में पेयजल का उपभोग ज्यादा बढ़ने से लोगों को दिक्कतें हो रही हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में आठ एमएलडी पानी नगर क्षेत्र की जनता को उपलब्ध कराया जा रहा है, लेकिन बारिश नहीं हुई तो बाद में दिक्कत आ सकती है। इधर सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता प्रमोद कुमार पाठक ने बताया कि कोसी नदी में पानी का जल स्तर पिछले पंद्रह दिन में चार क्यूसेक कम हो गया है। वर्तमान में कोसी नदी में 36 क्यूसेक पानी ही रह गया है।