अल्मोड़ा-हल्द्वानी एनएच पर हुए कीचड़ में निकलते वाहन। स्रोत जागरुक पाठक
अल्मोड़ा। पहाड़ के तीन जिलों की लाइफ लाइन क्वारब पर वाहनों को अभी राहत नहीं मिली है। बारिश होने से सड़क पर आया मलबा कीचड़ में तब्दील हो गया है। चढ़ाई में वाहनों को निकलने में काफी दिक्कतें हो रही है। इससे चालक काफी परेशान है।
क्वारब पर पहाड़ी से रुक-रुक कर अल्मोड़ा-हल्द्वानी एनएच पर मलबा गिर रहा है। बीते मंगलवार को हुई बारिश से मलबा कीचड़ बन कर फैल गया है। इस कारण अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से जाने वाले और हल्द्वानी से आने वाले वाहनों को आवाजाही के दौरान दिक्कतें होती है। वाहन चालक मोहन राम ने बताया कि कई बार वाहन मलबे में फंस जाते हैं। चढ़ाई के दौरान कई बार वाहन निकल नहीं पाते हैं। इससे काफी दिक्कतें हो रही है। दिन में पहाड़ी से रुक-रुककर मलबा गिर रहा है। इस कारण क्वारब से गुजरते वक्त वाहनों को खतरा रहता है। यात्री भी जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। इधर आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के मुताबिक एनएच पर मलबा आने पर तुरंत हटाया जा रहा है। मशीने और मजदूर वहां तैनात हैं।