अल्मोड़ा। एसएसपी पी रेणुकादेवी ने युवाओं को नशीले पदार्थों के गिरफ्त सेे बचाने के लिए स्मैक, चरस, गांजा, अफीम आदि का धंधा करने वालों की धरपकड़ करने और इन पदार्थों पर रोक लगाने के लिए गठित एंटी ड्रग टास्क फोर्स को सक्रियता से काम करने के निर्देश दिए हैं।
मासिक अपराध समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने टास्क फोर्स से मादक पदार्थों के उन्मूलन के लिए कार्य रही संस्थाओं, संगठनों और नशा मुक्ति केंद्रों के नोडल अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाकर काम करने को कहा। उन्होंने नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों का पता लगाकर उन्हें एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार करने के भी निर्देश दिए। जिले भर से पहुंचे थाना प्रभारियों और अन्य पुलिस अधिकारियों को निर्देशित करते हुए एसएसपी ने आपदा सीजन को लेकर भी सतर्क रहने को कहा। आपदा से बचाव के लिए सभी उपकरण हर वक्त तैयार रखने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने खास तौर पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के लाइसेंस निरस्त करने और ओवर लोडिंग तथा ओवर स्पीड पर भी कार्रवाई करने को कहा। इस मौके पर पुलिस क्षेत्राधिकारियों के अलावा सभी थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
अफवाहें फैलाने वालों पर नजर रखेगी पुलिस: एसएसपी
अल्मोड़ा। एसएसपी पी रेणुकादेवी ने कहा कि बीते कुछ दिनों से नगर के आसपास के इलाकों के अलावा जिले के तमाम क्षेत्रों में बाहरी लोगों के घुस आने और कई तरह की अफवाह फैलाई जा रही हैं। इस तरह की सभी सूचनाएं भ्रामक हैं और जो लोग सोशल मीडिया में इस तरह की अफवाहों को वायरल करेंगे उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने पत्रकारों को बताया कि बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया के जरिये जिले के तमाम इलाकों में बाहरी लोगों के घुस आने सहित कई तरह की अफवाहें फैलाई जा रही हैं। इस तरह की अफवाहें फैलने से कानून व्यवस्था पर भी असर पड़ने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा जो लोग इस तरह की अफवाहों को वायरल करते पाए गए उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।