अल्मोड़ा। जिले में मंगलवार को कोविड-19 टीकाकरण का द्वितीय पूर्वाभ्यास (ड्राई रन) होगा। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार के निर्देशानुसार कोविड-19 टीकाकरण के लिए जिले के 26 स्वास्थ्य केंद्रों में टीकाकरण का द्वितीय पूर्वाभ्यास किया जाएगा। इसके साथ ही तीन केंद्रों को वेब कास्टिंग के लिए भी चिह्नित किया गया है। इन तीनों केंद्रों से ही 16 जनवरी को टीकाकरण का शुभारंभ भी होगा।
डीएम ने बताया कि टीकाकरण पूर्वाभ्यास के लिए बेस अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हवालबाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वाराहाट को वेब कास्टिंग के लिए चिह्नित किया गया है। इन तीन केंद्रों में 16 जनवरी को टीकाकरण का शुभारंभ किया जाएगा। डीएम ने बताया कि ड्राई रन को सफल बनाने के लिए नौ जोनल मजिस्ट्रेट और 26 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
द्वितीय चरण में जिन लोगों को टीके लगेंगे उनके मोबाइल रजिस्टर किए जाएंगे और उन्हें मैसेज द्वारा सूचना दी जाएगी। उन्होंने बताया कि किसी भी तरह के दुष्प्रभाव से निपटने के लिए पैरामेडिकल स्टाफ की भी व्यवस्था कर ली गई है। जिले के सभी स्थानों पर इसका व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। सीएमओ डॉ. सविता ह्यांकी ने बताया कि ड्राई रन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके साथ ही ब्लॉकों में वैक्सीन वितरण के लिए 500 वैक्सीन कैरियर भी पहुंच गए हैं।