अल्मोड़ा। नशेड़ियों पर लगाम लगाना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। इसी बीच एक ताजा मामला सामने आया है जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में नगर की माल रोड स्थित बस स्टेशन के पास देर रात कुछ युवक नशे की हालत में आपस में झगड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। चार मिनट 36 सेकेंड के इस वीडियो में युवक बीच सड़क पर किसी बात को लेकर आपस में हंगामा करते नजर आ रहे हैं।
वहीं, उनके साथ मौजूद अन्य युवक नशे की हालत में बीच-बचाव करते हुए अपने साथियों को समझाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना देर रात की है जब बीच सड़क पर युवकों के बीच कहासुनी बढ़ गई। मामला हाथापाई तक पहुंच गया। यह घटना वहां लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई।
वीडियो सामने आने के बाद नगर में कानून व्यवस्था और नशे के बढ़ते मामलों पर लोगों में चिंता बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि रात के समय बस स्टेशन और आसपास के इलाकों में नशे में धुत युवकों का जमावड़ा रहता है। कई बार ऐसे में राहगीरों और यात्रियों को परेशानी होती है। संवाद