माल रोड में वाहन स्वामियों को जागरुक करते कोतवाल अरुण कुमार वर्मा।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए कई जगह जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, वहीं प्रशासनिक व्यवस्था में एक भारी चूक भी देखने को मिली। ट्रांसपोर्ट परमिट न मिलने के कारण सोमवार को नगर में दवा की दुकानों में दवाएं समेत सैनिटाइजर, मास्क समेत कई जीवनरक्षक उपकरण नहीं पहुंच सके। ट्रांसपोर्ट के वाहन न आने से दवा की दुकानों में मास्क भी नहीं मिले। बचे मास्क कैमिस्ट एसोसिएशन ने नगर के बाजार में मरीजों, वृद्ध लोगों को निशुल्क बांटे। जिला कैमिस्ट एसोसिएशन ने प्रशासन से इस बारे में ट्रांसपोर्ट के लिए प्रयुक्त वाहनों को परमिट दिलाने की मांग की।
अस्पतालों में रही भीड़
अल्मोड़ा। सोमवार को अस्पतालों में रोगियों की भीड़ रही। खासकर जिला, महिला में भी काफी संख्या में रोगी पहुंचे। अस्पताल के ओपीडी काउंटरों में रोगियों से एक मीटर की दूरी बनाए रखने की अपील की गई। जिला अस्पताल की ओपीडी में करीब 300 लोग आए। अस्पताल के स्टाफ समेत रोगी भी मास्क लगाकर आए। फिलहाल अस्पताल में सिर्फ गर्भवती महिलाओं समेत गंभीर रोगियों को ही भर्ती किया जा रहा है। संवाद
कंट्रोल रूम में आई 29 काल
अल्मोड़ा। कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रशासन की ओर से जिले में कोरोना हेल्पलाइन जारी की गई है। कलक्ट्रेट में स्थित कंट्रोल रूम का नंबर 05962-237874, 237875 जारी किया गया है। दो दिन के भीतर कंट्रोल रूम में 29 लोगों ने कॉल की है। इनमें कॉल करने वाले लोग वाहनों के आवागमन की जानकारी लेने के साथ बाजार बंद है या खुला है? बाहर से यात्री आ रहे हैं तो उनकी क्या-क्या जांच की जा रही है और कौन-कौन से वाहन प्रतिबंधित हैं आदि की जानकारी ले रहे हैं। संवाद
108 में कॉल करने वालों की संख्या बढ़ी
अल्मोड़ा। कोरोना संक्रमण काल में 108 एंबुलेंस को काल करने वालों की संख्या लगातार बढ़ी है। पिछले तीन दिनों में करीब 400 कॉल 108 के पास पहुंच चुकी हैं। जिला प्रभारी कमल शर्मा ने बताया कि इनमें लोकल और रेफर केस दोनों शामिल हैं, जबकि पूर्व में 250 से 300 काल आती थी। उन्होंने बताया कि जिले में 12 स्थानों पर 108 एंबुलेंस तैनात हैं। एहतियात बरती जा रही है। संवाद
मॉर्निंग वॉक में आई कमी, मंदिर भी सुनसान
अल्मोड़ा। जब से सरकार की ओर से घर में बैठे रहने के निर्देश जारी हुए हैं। जिले में लोग नियमों का पालन भी कर रहे हैं। नगर में मॉर्निंग वॉक करने वालों में काफी कमी आई है। अधिकतर लोगों ने घर की छत पर ही मॉर्निंग वॉक किया। मंदिरों में भी कम लोग आ रहे हैं। अधिकतर मंदिर बंद हैं। लोग जरूरी काम से ही बाहर निकल रहे हैं। संवाद