अल्मोड़ा। बरसात में शहर को पानी की आपूर्ति आए दिन ठप हो जा रही है। बारिश होने से कोसी नदी में सिल्ट बहकर आई। जिससे शनिवार सुबह सात बजे से कोसी में जल संस्थान के पेयजल पंप ठप हो गए। इससे शनिवार को शहर के अधिकतर हिस्सों में पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई।
सुबह के समय बारिश हुई। ऊपरी क्षेत्रों से कोसी की सहायक नदियों से कोसी नदी में काफी मात्रा में सिल्ट बहकर आ गई। इससे कोसी नदी का पानी काफी गंदा हो गया। नदी का पानी गंदा होने के कारण जल संस्था को सुबह सात बजे कोसी नदी से अल्मोड़ा शहर को पेयजल आपूर्ति करने वाले तीनों पंप बंद करने पड़े।
पंप बंद होने से शहर को सुबह सात बजे से पानी की सप्लाई ठप हो गई। पंपिंग नहीं होने से शहर की पल्टन बाजार, थाना बाजार, जौहरी मोहल्ला, नर सिंहाड़ी, राजपुरा, धारानौला, चीनाखान, मालरोड, लोअर मालरोड, नंदादेवी समेत मुख्य बाजार में पानी की सप्लाई नहीं हो सकी। पानी नहीं आने से शहर और आसपास की जनता को पेयजल संकट से जूझना पड़ा। वहीं अनेक मोहल्लों में एक दिन बाद जल संस्थान पानी की आपूर्ति कर पा रहा है। जल संस्थान के सहायक अभियंता मुकेश कुमार का कहना है कि सिल्ट आने से कोसी नदी का पानी काफी गंदा हो गया था। जिसके कारण पंप नहीं चल सके।