उरोली के जनता दरबार में मंचासीन अधिकारी और जनप्रतिनिधि। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। क्षेत्र में रविवार को मुख्यमंत्री त्वरित समाधान सेवा कार्यक्रम के तहत जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में ग्रामीणों ने पेयजल, स्वास्थ्य, सड़क सहित तमाम समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों ने उरोली ग्राम समूह पेयजल योजना के पुनर्गठन के साथ जंगली जानवरों के आतंक से निजात दिलाने और एएनएम सेंटर को विभाग को हस्तांतरित करने पर जोर दिया। बीडीओ शाकिर हुसैन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए।
उरोली में लगे जनता दरबार में ग्रामीणों ने कहा कि गांव में पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई हैं। रोजाना लोगों को पेयजल की समस्या से जूझना पड़ता है। उरोली ग्राम समूह पेयजल योजना को 22 साल हो गए हैं ऐसे में कैसे इस योजना से हर घर नल, हर घर जल की परिकल्पना साकार होगी। दरबार में कई लोगों के पेंशन प्रकरण का मामला उठा। काकड़ीघाट मोटर मार्ग के डामरीकरण पर भी सवाल उठाए गए। उरोली के नजदीक से बिजली की बड़ी लाइन का पोल अन्यत्र स्थानांतरित करने पर जोर दिया गया।
कई लोगों की आवासीय संबंधी समस्याएं भी उठीं। यहां ब्लॉक प्रमुख दीपक किरौला, प्रधान विनीता बोरा, जिपं सदस्य अंजु राणा, बीडीसी सदस्य भगवत सिंह बिष्ट, बीईओ डीएल आर्या, पंचायत सदस्य विमला, दीपा देवी, विक्रम बोरा, ग्राम विकास अधिकारी हरीश सुयाल, गजेंद्र किरौला, गोविंद लाल, बटुलिया, टनवाणी, भैंसोली सहित तमाम गांवों के ग्रामीण मौजूद रहे।