अल्मोड़ा। नगर में पेयजल लाइनों से पानी लीकेज की समस्या गंभीर बनी हुई है। लाइनें लीकेज होने से हर रोज सड़कों पर हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। इससे नगर की सड़कों को नुकसान पहुंच रहा है। पेयजल लीकेज के कारण सड़क पर बने गड्ढों पर कई दो-पहिया वाहन चालक भी दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। नगरवासी लंबे समय से लीकेज पानी को ठीक कराने की मांग कर रहे हैं। बावजूद विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
अल्मोड़ा नगर के माल रोड और आंतरिक रास्तों पर लंबे समय से पेयजल लाइनों से पानी के लीकेज होने की समस्या बनी हुई है। यहां सड़कों पर हर रोज हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। इसके बावजूद कोई ठोस पहल नहीं हो रही है। हर रोज पानी बहने से नगर के सड़क को भी नुकसान पहुंच रहा है। इसके अलावा लोगों को आवाजाही के दौरान परेशानी हो रही है। माल रोड स्थित चौघानपाटा में पाइप लाइन में बने लीकेज के कारण सड़क पर लगातार पानी बहता रहता है। जिला अस्पताल के पास भी लोगों के घरों को जोड़ने वाली जल संस्थान की लाइन लीकेज हैं। यहां पर प्रतिदिन हजारों लीटर पानी सड़क पर बहता है। इससे मरीजों और राहगीरों को आवाजाही में परेशानी होती है। नगरवासी लंबे समय से लीकेज पानी को ठीक कराने की मांग कर रहे हैं। बावजूद इसके विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसके अलावा चौघानपाटा के पास भी लंबे समय से पेयजल लीक हो रहा है।
मरीजों को हो रही परेशान
अल्मोड़ा । जिला अस्पताल के पास सड़क पर लगातार पानी बहने के कारण मरीज और उनके परिजन अस्पताल तक पहुंचने में मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। गीली और फिसलन वाली सड़क से बुजुर्गों, बीमार लोगों और गर्भवतियों को आने जाने में काफी परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शीघ्र नालियों की मरम्मत और सड़क की सुधार की मांग की है, ताकि मरीज सुरक्षित और आसानी से अस्पताल तक पहुंच सकें। संवाद
बोले व्यापारी-
नगर में एक तरफ पेयजल संकट बना रहता है। वहीं दूसरी तरफ हजारों लीटर पानी सड़कों पर बह रहा है। सड़क पर प्रतिदिन बहने वाले पानी को लेकर सुध लेने वाला कोई नहीं है।
हिमांशु कांडपाल, जिला महामंत्री देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अल्मोड़ा
जिला अस्पताल के पास प्रतिदिन हजारों लीटर पानी सड़क पर बहता है। इससे सड़क खराब हो रही है। अस्पताल सहित बाजार को आवाजाही करने वाले लोगों को परेशानी होती है।
मनोज शाह, व्यापारी, अल्मोड़ा
इनसेट कोट-
- पानी लीकेज की सूचना नहीं मिली है। संबंधित जेई से वार्ता कर पानी लीकेज नलों का निरीक्षण कराया जाएगा। लीकेज पानी को जल्द ठीक किया जाएगा।
नीरज तिवारी, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान अल्मोड़ा