रानीखेत (अल्मोड़ा)। गर्मी की शुरुआत होते ही ग्रामीण इलाकों में पेयजल संकट गहराने लगा है। रानीखेत तहसील के दलमोटी गांव में हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं। यहां लोग पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं और जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
पूर्व प्रधान गोपाल सिंह बिष्ट, खष्टी देवी, मदन सिंह के अनुसार वर्ष 2023 में जल जीवन मिशन के तहत शुरू की गई हर घर नल-हर घर जल योजना वर्षों बाद भी धरातल पर पूरी नहीं उतर सकी है। कई जगह पाइपलाइन बिछाने का कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है जबकि कुछ स्थानों पर पानी का रिसाव होने से बर्बादी हो रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया। यहां तक कि बहुद्देशीय शिविर में भी ज्ञापन सौंपा गया परंतु कोई ठोस पहल नहीं हुई। गांव में फिलहाल लंबीधार पेयजल योजना के जरिये आपूर्ति की जा रही है लेकिन गर्मी बढ़ने के कारण इसके जलस्रोत भी सूखने की कगार पर पहुंच गए हैं। ग्रामीणों ने शीघ्र समाधान की मांग की है।
कोट -
जल जीवन मिशन के तहत धन आवंटन में देरी के कारण कार्य प्रभावित हुआ है। जैसे ही धन उपलब्ध होगा योजना का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। - प्रदीप सिंह कन्याल, सहायक अभियंता जल संस्थान चिलियानौला