निदेशक प्रो. सुनील नौटियाल के प्रतिनियुक्ति पर तीन साल का कार्यकाल हुआ पूरा
अल्मोड़ा। जीबी पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान कोसी-कटारमल के निदेशक प्रो. सुनील नौटियाल के प्रतिनियुक्ति पर तीन साल का कार्यकाल पूरा हो गया है। वह सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन संस्थान (आईएसईसी) बेंगलुरु लौट गए हैं। उनके स्थान पर डॉ. आईडी भट्ट ने कार्यकारी निदेशक (प्रभारी) के रूप में पदभार ग्रहण किया।
भट्ट वर्तमान में जैव विविधता संरक्षण एवं प्रबंधन केंद्र के वैज्ञानिक-जी एवं केंद्र प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं। पदभार ग्रहण करने के बाद वैज्ञानिकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।
मूलरूप से टिहरी गढ़वाल के हैं डाॅ. भट्ट
अल्मोड़ा। कार्यकारी निदेशक बने डाॅ. भट्ट मूलरूप से टिहरी गढ़वाल के ग्राम कांडी, बहेड़ा के निवासी हैं। 21 सितंबर 2005 को जीबी पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान में वैज्ञानिक-सी के पद पर कार्यभार ग्रहण किया और तब से वे हिमालयी पर्यावरण से संबंधित विभिन्न शोध कार्यों में सक्रिय रूप से संलग्न हैं। उनके 200 से अधिक शोध पत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हुए हैं। उनकी 10 पुस्तकें, चार तकनीकी मैनुअल व वर्किंग पेपर्स, दो लोकप्रिय पुस्तकें, दो वृत्तचित्र भी प्रकाशित हुए हैं।