डा. हेम चंद्र पांडे
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। विकासखंड के ग्राम बयेला निवासी और हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, जॉलीग्रांट के चिकित्सा सेवा निदेशक डॉ. हेमचंद्र पांडे ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) विषय पर यूट्यूब लाइव प्रसारण में विश्व रिकॉर्ड बनाने पर उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ है। उनके लाइव प्रसारण को एक साथ 17,999 दर्शकों ने देखा।
डॉ. पांडे ने वर्ष 1970 में मिशन इंटर कॉलेज द्वाराहाट से हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने लखनऊ में उच्च शिक्षा ग्रहण की और वर्ष 1982 में केजीएमसी से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की।
उन्होंने अंडमान-निकोबार के सेना चिकित्सालय में तीन वर्ष सेवाएं देने के बाद बरेली और शाहजहांपुर में भी चिकित्सा सेवाएं दीं।
इसके बाद उन्होंने पीजीआई लखनऊ में अस्पताल प्रशासन विभाग के अध्यक्ष और चिकित्सा अधीक्षक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। डॉ. पांडे की इस उपलब्धि पर ग्राम बयेला सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी, ग्राम प्रधान डॉ. जगदीश राम आर्या, केवलानंद पांडेय, राजेंद्र पांडेय, आनंद पांडेय, प्रमोद पांडेय समेत क्षेत्रवासियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।