अल्मोड़ा में हुए प्रशिक्षण में मौजूद मतगणना कार्मिक।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। जिला प्रशासन ने पंचायत चुनाव की मतगणना की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। सोमवार को एसएसजे परिसर के ऑडिटोरियम में विकासखंड ताकुला, भैंसियाछाना, लमगड़ा, धौलादेवी और हवालबाग के कार्मिंकों को मतगणना संबंधी प्रशिक्षण दिया गया। नोडल अधिकारी प्रशिक्षण डीईओ (माध्यमिक) एचबी चंद ने कहा कि सभी तैनात कार्मिक निडर होकर निष्पक्षता से मतगणना कार्य संपन्न कराएं।
सहायक नोडल अधिकारी प्रशिक्षण राय साहब यादव, डॉ. हेम जोशी और कपिल नयाल कार्मिकों को मतपेटी खोलने के साथ ही ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य के मतपत्र के रंग, वैध और अवैध मत आदि के बारे में बताया। साथ ही मतपत्रों और गणनापत्रों को सील करने, डाक मतपत्रों की गणना आदि जानकारी दी गई।
मतगणना सभी विकासखंडों में 21 अक्तूबर को सुबह आठ बजे शुरू हो जाएगी। प्रत्याशी और अभिकर्ता सुबह 7:30 बजे मतगणना हाल में पहुंच जाएं।
नोडल अधिकारी ने कहा कि किसी भी निर्वाचन को सकुशल संपन्न कराने में प्रशिक्षण की अह्म भूमिका होती है। मतगणना के दौरान यदि कोई उम्मीदवार, अभिकर्ता किसी भी प्रकार का विवाद करे तो कार्मिक अपने-अपने आरओ को इस संबंध में अवगत कराए। मतगणना स्थल में पास के बगैर कोई भी व्यक्ति प्रवेश नहीं कर सकेगा। प्रशिक्षण में मतगणना ड्यूटी में लगाए गए विभिन्न विभागों के कार्मिक मौजूद थे।