अल्मोड़ा में मतदान केंद्र का निरीक्षण करते एक्सेसिबिलिटी ऑब्जर्वर कुमाऊं मंडल आयुक्त राजीव रौतेला।
- फोटो : amar ujala
एक्सेसिबिलिटी ऑब्जर्वर कुमाऊं कमिश्नर राजीव रौतेला ने शुक्रवार को जिले के जीजीआईसी एनटीडी, लोनिवि मुख्य अभियंता कार्यालय लोअर माल रोड, जनमिलन केंद्र खत्याड़ी, आंगनबाड़ी केंद्र खत्याड़ी, संकुल संसाधन केंद्र खत्याड़ी, पंचायत घर खत्याड़ी, छावनी परिषद कार्यालय, नगरपालिका परिषद कार्यालय आदि मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर पेयजल, शौचालय आदि व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों को मतदान के दिन दिव्यांग मतदाताओं को कोई असुविधा न हो इसका ध्यान रखने के निर्देश दिए। कहा कि संबंधित पोलिंग बूथ के बीएलओ को अपने बूथ के दिव्यांग मतदाताओं के बारे में पूरी जानकारी होनी चाहिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कमिश्नर रौतेला को बताया कि दिव्यांग मतदाताओं को लाने, ले जाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों के लिए डोली, सड़क से जुड़े मतदान केंद्रों के लिए वाहनों की व्यवस्था की गयी है। सभी बूथों पर दिव्यांग मतदाताओं का चिन्हीकरण कर लिया गया है। जिले में 5627 दिव्यांग मतदाता हैं। सभी दिव्यांग मतदाताओं के लिए पर्याप्त मात्रा में व्हील चेयर, वाहन, स्ट्रेचर आदि की व्यवस्था कर ली गयी है। इस मौके पर एसएसपी पीएन मीणा, नोडल अधिकारी निर्वाचन मनुज गोयल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी बीएल फिरमाल, सहायक रिटर्निंग आफिसर सीमा विश्वकर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी जगमोहन कफोला, विनोद राठौर आदि उपस्थित थे।