सल्ट क्षेत्र से लापता एक युवती की बरामदगी न होने से नाराज कई संगठनों के लोगों ने यहां गांधी चौक पर जिला प्रशासन का पुतला जलाया। कहा कि तीन सालों में कई युवतियों के गायब होने से जहां सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं, वहीं पुलिस, प्रशासन की नाकामी को भी प्रदर्शित कर रही है। यदि मामलों का खुलासा नहीं हुआ तो वृहद आंदोलन होगा।
सल्ट से पहुंचे जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत के नेतृत्व में तमाम संगठनों के लोग यहां गांधी चौक पर एकत्रित हुए। कहा कि क्षेत्र से बालिकाएं लगातार गुम हो रही हैं, लेकिन प्रशासन के लोग बाहर से व्यापार करने आ रहे फड़, फेरी व्यापारियों सहित तमाम संदिग्ध लोगों का सत्यापन तक नहीं कर रही है।
लगातार युवतियों के गायब होने का सिलसिला चल रहा है। डीएम ने गुम युवती की फाइल एक महीने बाद भी पुलिस को हस्तांतरित नहीं की है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि खुफिया तंत्र पूरी तरह से निष्क्रिय है।
बाहर से आ रहे संदिग्ध लोगों का कड़ाई से सत्यापन कराने की जरूरत है। पुतला जलाने वालों में पूर्व छात्र संघ सचिव महेश पुरी, प्रदेश व्यापार संघ के संगठन मंत्री मनोज अग्रवाल, व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष हर्षवर्धन पंत, जिला पंचायत सदस्य हंसा नेगी, पावस जोशी, दीपक भंडारी आदि शामिल थे।