डीएम ने लिया आपदा प्रबंधन का जायजा
- फोटो : अमर उजाला
अल्मोड़ा। अतिवृष्टि से जिला प्रशासन की चिंता बढ़ने लगी है। डीएम सविन बंसल ने भारी बारिश को देखते हुए पेयजल, विद्युत, चिकित्सा, खाद्यान्न, लोनिवि, शिक्षा विभाग के अधिकारियों को पूर्ण सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी को आपदा के दृष्टिगत खाद्यान्न गोदामों में पर्याप्त मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध रखने को कहा है।
डीएम ने मुख्य शिक्षाधिकारी से कहा कि आदेशों के बाद भी यदि वर्षा के दौरान कोई विद्यालय खुला हुआ पाया जाता हैै तो उसकी रिपोर्ट तुरंत उपलब्ध कराएं। आपदा की दृष्टि से जो विद्यालय अति संवेदनशील, संवेदनशील है उन्हें चिन्हित कर लें। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से अस्पतालों में दवा की उपलब्धता बनाए रखने, जलजनित रोगों के प्रति भी सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जिले की सड़कों को खोलने के लिए पर्याप्त संख्या में जेसीबी की व्यवस्था करने, अवरुद्ध हो रही सड़कों को शीघ्र सुचारु करने को कहा गया। डीएम ने अधिकारियों से आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम से निरंतर तालमेल बनाने, घटना घटित होने पर अधिकारी तत्काल प्रभावित क्षेत्रों में जाने के लिए अभी से रणनीति बनाने के लिए निर्देशित किया है।