श्रावणी मेले से पूर्व तैयारियां पूरी कर लें अधिकारी : डीएम
- फोटो : Info Department
अल्मोड़ा। जागेश्वर धाम में 16 जुलाई से 15 अगस्त तक लगने वाले श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर डीएम और जागेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष आलोक कुमार पांडे ने अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने मेले से पूर्व तैयारियों को पूरा करने और मनमानी करने वाले टैक्सी चालकों और अराजकतत्वों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मंगलवार को जिला सभागार में हुई बैठक में डीएम ने कहा कि मेले को भव्य बनाने, सभी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने और श्रद्धालुओं के लिए सभी व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में लगने वाले फड़ों के आवंटन में पारदर्शिता बरती जाए।
मेले के दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। पर्याप्त मात्रा में मोबाइल टॉयलेट और कचरे का निस्तारण, कूड़ा उठान के लिए वाहनों की व्यवस्था चाक चौबंद रहे। जिलापंचायत के कार्मिक निर्धारित ड्रेस में ही तैनात रहें। बैठक में जलापूर्ति, बिजली आपूर्ति और चिकित्सा व्यवस्था को बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि होटल ढाबों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में कमी न हो। बैठक में जागेश्वर मंदिर समिति के उपाध्यक्ष नवीन चंद्र भट्ट, पुजारी प्रतिनिधि पंडित नवीन चंद्र भट्ट, सीएमओ डॉ नवीन चंद्र तिवारी, एसडीएम संजय कुमार, तहसीलदार, प्रबंधक बरखा जलाल, सीओ जीडी जोशी मौजूद रहे।